
- विद्यालय एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर लिये गये 17 खाद्य नमूने
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेशभर में खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध सतत कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय एवं विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान कुल 4 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 17 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
कलेक्टर हेल्पलाइन शिकायत पर वेदांत इंटरनेशनल स्कूल की मेस का निरीक्षण
कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181 पर प्राप्त एक अभिभावक की शिकायत के आधार पर वेदांत इंटरनेशनल स्कूल, छोटा बांगड़दा रोड इंदौर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की मेस से काला चना, तैयार चावल, तैयार मंचूरियन एवं काला नमक के कुल 04 नमूने जांच हेतु लिए गए।
निरीक्षण में पाया गया कि छात्रों को एमएसजी (MSG) युक्त मंचूरियन परोसा जा रहा था। किचन में सड़े हुए आलू पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। खाद्य हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं थे, जबकि भोजन निर्माण में उपयोग किए जाने वाले पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं पाई गई। संबंधित विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया तथा पानी की जांच रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
CM हेल्पलाइन शिकायत पर प्राजी दे कुलचे का निरीक्षण
सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर शिकायतकर्ता से प्राप्त जानकारी अनुसार प्राजी दे कुलचे, न्यू पलासिया इंदौर का निरीक्षण किया गया। मौके से राजमा, तैयार छोले की सब्जी एवं मैदा के कुल 03 नमूने जांच हेतु लिए गए। सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता को दी गई, जिस पर उन्होंने संतुष्टि व्यक्त की।
FoSCoS पोर्टल शिकायत पर पाकशाला – द आंध्रा किचन का निरीक्षण
FoSCoS पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर पाकशाला – द आंध्रा किचन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तंदूरी चिकन, ग्रेवी एवं डोसा बैटर के कुल 03 नमूने जांच हेतु लिए गए। सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं।
जैन श्री रेस्टोरेंट में साफ-सफाई संबंधी कमियां, 7 नमूने लिए गए
सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर जैन श्री रेस्टोरेंट, केलोद हाला, इंडस सैटेलाइट रेलवे ब्रिज के पास, इंदौर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। इस संबंध में सुधार सूचना पत्र जारी करने हेतु प्रकरण अभिहित अधिकारी को प्रस्तुत किया गया। मौके से ग्राहकों को परोसी जा रही दाल, उपयोग की जा रही ग्रेवी, मूंगफली तेल, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर, नमक एवं तैयार नूडल्स के कुल 07 नमूने जांच हेतु लिए गए। प्रतिष्ठान संचालक को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सभी नमूने जांच हेतु भेजे गए
संग्रहित सभी 17 खाद्य नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि खाद्य सुरक्षा से संबंधित शिकायतों पर जिला प्रशासन द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। विद्यालयों, होटल-रेस्टोरेंट एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा तथा जहां भी खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी खाद्य प्रतिष्ठान में मिलावट, अस्वच्छता अथवा अन्य खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितता दिखाई दे तो उसकी सूचना कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181, CM हेल्पलाइन अथवा FoSCoS पोर्टल के माध्यम से दें। प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा त्वरित जांच एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



