कायाकल्प अवार्ड : इंदौर जिले की 10 स्वास्थ्य, पीएचसी क्षिप्रा रही प्रथम संस्थाएं सम्मानित

इंदौर। राष्ट्रीय गुणवत्ता सुधार कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदान किए जाने वाले कायाकल्प अवार्ड में इंदौर जिले की 10 स्वास्थ्य संस्थाओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया है। इन संस्थाओं ने स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तथा मरीजों की संतुष्टि जैसे मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।
कायाकल्प कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना तथा हितग्राहियों को बेहतर उपचार वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके अंतर्गत अस्पतालों का मूल्यांकन अस्पताल की साफ-सफाई, रखरखाव, संक्रमण नियंत्रण, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन, सहायक सेवाएं, स्वच्छता संवर्धन, मरीजों की संतुष्टि, सकारात्मक वातावरण, पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं तथा वॉश (WASH) सहित निर्धारित नौ प्रमुख मानदंडों के आधार पर किया जाता है।
मूल्यांकन की प्रक्रिया तीन चरणों में संपन्न होती है। सबसे पहले स्वास्थ्य संस्था स्वयं का आकलन कर दावा प्रस्तुत करती है। इसके बाद जिला एवं राज्य स्तर की टीमों द्वारा निरीक्षण किया जाता है। इस दौरान संस्थान के रिकॉर्ड का परीक्षण, व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन तथा स्टाफ एवं मरीजों से संवाद कर मूल्यांकन किया जाता है। प्रत्येक स्तर पर 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली संस्थाओं को पुरस्कार के लिए चयनित किया जाता है।
वर्ष 2025-26 के कायाकल्प मूल्यांकन में सीएच महू, सीएच सांवेर, सीएच पीसी सेठी, सीएचसी देपालपुर, सीएचसी मानपुर, पीएचसी क्षिप्रा, पीएचसी गवली पलासिया, पीएचसी कंपेल, पीएचसी हासलपुर, पीएचसी कोदरिया, पीएचसी चंद्रावतीगंज, पीएचसी पलिया, पीएचसी हरसोला, पीएचसी अटाहेड़ा तथा पीएचसी गौतमपुरा उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित हुईं।

इनमें पीएचसी क्षिप्रा ने 97.3 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, इंदौर डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने पुरस्कार प्राप्त करने वाली सभी स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रभारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं, टीमवर्क और समर्पित कार्य संस्कृति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा तथा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और स्वच्छता को नई दिशा मिलेगी।

SS NEWS MP
Author: SS NEWS MP

आवाज़ सत्य की.....

Leave a Comment