महू के सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा

बड़गोंदा थाना क्षेत्र के बेरछा जंगल में 14 अप्रैल 2026 को हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

महू से संवाददाता प्रकाश सिसोदिया की रिपोर्ट

महू (ग्रामीण) | बड़गोंदा थाना क्षेत्र के बेरछा जंगल में 14 अप्रैल 2026 को हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने पहले आरोपियों के स्केच जारी कर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने दोस्त के साथ इंदौर से लगनसा बाबा मंदिर दर्शन के लिए आई थी। दर्शन के बाद दोनों बेरछा जंगल के पास बैठे थे, तभी दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और पीड़िता को जबरन जंगल के अंदर ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए इंदौर ग्रामीण पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी फिर से उसी क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी जंगल और सुनसान इलाकों में बैठकर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखते थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देते थे।

इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों और टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने जारी की अपील : 

इंदौर ग्रामीण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि इस प्रकार की कोई घटना पहले भी हुई हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

SS NEWS MP
Author: SS NEWS MP

आवाज़ सत्य की.....

Leave a Comment