
शिवपुरी- शादी का कार्ड देने के बहाने आए बदमाश पैर छुए और बुजुर्ग महिला की सिर में मार दी गोली, मौके पर हुई मौत
तेंदुआ। शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के डेहरवारा गांव में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है।
शादी का कार्ड देने के बहाने आए बाइक सवार तीन हमलावरों ने घर का दरवाजा खुलवाकर बुजुर्ग महिला को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मृतिका रामसखी धाकड़ अपने घर पर मौजूद थीं, तभी बाइक सवार तीन युवक पहुंचे। उन्होंने शादी का कार्ड देने की बात कहकर दरवाजा खुलवाया, जैसे ही रामसखी बाहर आईं, एक युवक ने उनके पैर छुए और तुरंत सिर में गोली मार दी। वारदात इतनी अचानक हुई कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के समय उनकी नातिन राधिका धाकड़ घर के आंगन में मौजूद थी, जिसने पूरी वारदात देखी। गोली चलने की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। रामसखी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल तेंदुआ थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं, थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा



