शिवपुरी में पत्नी ने मारा थप्पड़ तो पति ने बेरहमी से पीटा, फिर गला दबाकर कर दी हत्या

शिवपुरी में पत्नी ने मारा थप्पड़ तो पति ने बेरहमी से पीटा फिर गला दबाकर कर दी हत्या

 

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में शादी के बाद एक 23 वर्ष की विवाहिता की उसके ही पति ने पहले मारपीट की और फिर गला दबाकर हत्या कर दी।

घटना के वक्त घर में देवर और देवरानी भी मौजूद थे, जिन्हें पुलिस ने सहआरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के एक 4 साल का बेटा भी है।

नंदनी साहू की शादी करीब 5 साल पहले टीला रोड निवासी संदीप साहू से हुई थी। बाहर से सामान्य दिखने वाले इस परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी पति संदीप साहू अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था ।

इसी शक के चलते दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे। घटना से दो दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि गुस्से में संदीप ने पत्नी का मोबाइल तोड़ दिया था।

इस घटना की जानकारी मिलने पर नंदनी के मायके पक्ष के लोग उसे समझाने के लिए ससुराल भी पहुंचे थे, लेकिन हालात नहीं सुधरे।

दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई विवाद इतना बढ़ गया कि नंदनी घर छोड़कर जाने लगी। इसी दौरान संदीप ने उसे रोकने की कोशिश की, जिस पर दोनों के बीच हाथापाई हो गई।

बताया जा रहा है कि नंदनी ने गुस्से में पति को थप्पड़ मार दिया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। गुस्से में बेकाबू हुए संदीप साहू ने पहले पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद कमरे में बिस्तर पर उसे दबोचकर गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान घर में देवर और देवरानी भी मौजूद थे।

पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल पैनल से कराया है। एसडीओपी आयुष जाखड़ के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

SS NEWS MP
Author: SS NEWS MP

आवाज़ सत्य की.....

Leave a Comment