
- जबलपुर क्रूज हादसे में बरगी डैम की लहरों में दफन हुईं कई जिंदगियां।
- मां-बेटे के शव ने हर आंख कर दी नम
संपादक अमर पेंढारकर की विशेष संपादकीय
जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम पर हुआ क्रूज हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक भयावह त्रासदी बनकर सामने आया है, जिसने कई हंसते-खेलते परिवारों को हमेशा के लिए तबाह कर दिया है.
जैसे-जैसे बचाव अभियान आगे बढ़ रहा है, पानी से निकल रहे शव और उनसे जुड़ी कहानियां पत्थर दिल इंसान को भी झकझोर दे रही हैं.
इस भीषण हादसे के बीच से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो इस त्रासदी की गहराई और दर्द को बयां करने के लिए काफी है, एक माँ और उसके मासूम बेटे का शव, जो मौत के आगोश में भी एक-दूसरे से लिपटे हुए मिले.
लहरों में समाई खुशियां
गुरुवार की शांत शाम बरगी डैम में सैर कर रहे पर्यटकों के लिए उस वक्त काल बनकर टूटी, जब अचानक मौसम ने करवट ली. तेज आंधी और उफनती लहरों ने पर्यटकों से भरे एमपी टूरिज्म के क्रूज को चंद मिनटों में डुबो दिया. चीख-पुकार, दहशत और मौत के बीच संघर्ष शुरू हो गया. जहां कई लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों को बचाया, वहीं कई ऐसे भी थे जिनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया.
मौत के आगोश में भी अटूट ममता
आज सुबह बचाव दल को बरगी डैम के ठंडे पानी में जो मंजर दिखा, उसने सबकी रूह कंपा दी.
एक माँ, जिसने मुश्किल वक्त में अपने लाल को सीने से लगाकर बचाने की आखिरी कोशिश की होगी, वो और उसका मासूम बेटा अब इस दुनिया में नहीं थे.
मौत ने उन्हें अलग नहीं किया, बल्कि इसी हालत में उन्हें नदी के आगोश में सुला दिया. उनकी बॉडी इस बात की गवाही दे रही थी कि आखिरी दम तक उस माँ ने अपने बच्चे को नहीं छोड़ा.
बचपन के सपने टूटे, परिवार उजड़े
यह तस्वीर न केवल माँ और बच्चे की मौत का शोक मनाती है, बल्कि उन हजारों टूटे सपनों और उजड़े परिवारों का प्रतीक भी है, जो इस हादसे का शिकार हुए.
इस त्रासदी में अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई अभी भी लापता हैं. प्रशासन द्वारा बचाव कार्य अभी भी जारी है, लेकिन जैसे-जैसे समय बीत रहा है, लापता लोगों के जीवित बचने की उम्मीद कम होती जा रही है.
यह हादसा हमें सुरक्षा के महत्व और प्रशासन की लापरवाही की ओर भी ध्यान दिलाता है. क्रूज पर सवार पर्यटकों को लाइफ जैकेट समय पर न दिए जाने के आरोप लग रहे हैं, जो इस त्रासदी को और भी दुखद बना देते हैं. क्या प्रशासन इन आरोपों की जांच करेगा? क्या दोषियों को सजा मिलेगी ? ये कुछ ऐसे सवाल हैं, जो इस हादसे के बाद उठ खड़े हुए हैं.
मृतकों के लिए श्रद्धांजलि, घायलों के लिए प्रार्थना
सत्यशोधक न्यूज एमपी इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनके परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं. हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं. इस त्रासदी ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है और हमें यह याद दिलाया है कि जीवन कितना अनमोल है.
यह घटना और ये दृश्य बताता है कि माँ की बाहों में हर तूफ़ान शांत है, एक माँ का प्यार सबसे बड़ा जीवन रक्षक है, मां कहती है जब तक मैं जिंदा हूँ तुम्हें कुछ नहीं होगा, विपत्ति के बीच भी आशा का आलिंगन है मां, दुनिया भले ही डूब जाए पर माँ का आँचल कभी नहीं डूबता।”



