- निगम-मंडल अध्यक्षों को CM की नसीहत: तालमेल से सरकार की धाक और साख के लिए काम करें, हम आपको दिए गए काम रोक भी सकते हैं, बदल भी सकते हैं
- MP BJP Corporation Board Office Bearers Training : भोपाल के अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन संस्थान में निगम और मंडलों के नवनियुक्त पदाधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जहां मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सभी को समन्वय से काम करने की नसीहत दी।
निगम और मंडलों के नवनियुक्त पदाधिकारियों को सीएम मोहन यादव ने कहा कि काम के आधार पर कुछ परहेज भी रखने होंगे। 24 घंटे में किसी भी काम को रोक सकते हैं कि ये काम नहीं करना है। आपको कभी भी दूसरा काम भी देंगे, ऐसे में बिना संकोच काम करना है।
चुनौतियां भी आएंगी, हमें नियम से काम करना है – सीएम
सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि विभाग के काम को अच्छे से समझकर उन कामों का अनुभव लें। इसमें कई प्रकार की चुनौतियां भी आएंगी, लेकिन हमें विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, प्रभारी मंत्री, सरकार के अंग से तालमेल रखना है। हम उसमें व्यवधान करने नहीं आए हैं। हमकों नियम, कानून, व्यवस्थाओं की ओर बराबरी से ध्यान देना है।
काम के साथ सभी को धाक और साख जमाना है – सीएम
पार्टी और समाज में प्रतिष्ठा को कायम रखने के उद्देश्य से सीएम ने कहा कि काम करते-करते हमें अपनी धाक भी बनाना है और साख भी बनाना है। इसके लिए खुद पर कंट्रोल भी जरूरी है। आपको समाज में सरकार की साख वाले मार्ग पर पहुंचाया जा रहा है। आपके काम से सरकार, समाज, दल की इज्जत जुड़ी है।
सभी वरिष्ठ अधिकारी आपकी की मदद के लिए तैयार
सीएम मोहन यादव ने कहा कि व्यवधान से आपको बचना है। सदस्यों की नियुक्तियां बाकी है। केंद्र, राज्य में हमारी सरकार है। प्रबंधन भी हमारा। सभी वरिष्ठ अधिकारी बराबरी से आपकी मदद के लिए तैयार है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत प्रशिक्षणकर्ता उपस्थित रहे।




